![]()
न्यूयॉर्क। ईरान ने शर्तों के साथ 7 दिन में होर्मुज स्ट्रेट खोलने का प्रस्ताव अमेरिका को दिया है। अल जजीरा के मुताबिक विदेश मंत्री अराघची ने कहा कि टाइमलाइन अमेरिका के प्रस्ताव स्वीकार करते ही शुरू होगी।
अराघची ने पत्रकारों से कहा – अगर अमेरिका कल प्लान मान लेता है तो टाइमलाइन कल से शुरू होगी। वाशिंगटन को 4-5 दिन में कुछ कदम उठाने होंगे, जो पहले से ही समझौता ज्ञापन का हिस्सा हैं। शर्तें पूरी होने पर छठे दिन स्ट्रेट खोला जा सकता है और सातवें दिन तेहरान-वाशिंगटन बातचीत हो सकती है।
प्रस्ताव कतर के जरिए अमेरिका को भेजा गया है। अराघची ने कहा – अगर अमेरिका डील को लेकर गंभीर है तो सब तैयार है, अब फैसला वाशिंगटन को करना है। तेहरान जबरदस्ती, धमकी या दबाव में संप्रभु अधिकार नहीं छोड़ेगा।
उन्होंने कहा कि ईरान सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन मिलिट्री एक्शन, नाकाबंदी या आर्थिक दबाव से स्थिरता नहीं आएगी। UNGA से इतर बोलते हुए उन्होंने मौजूदा अस्थिरता के लिए अमेरिका और इजरायल की आक्रामक कार्रवाइयों को जिम्मेदार ठहराया और कहा – आप किसी देश पर बमबारी, खत्म करने की धमकी और नाकाबंदी कर सुरक्षा की उम्मीद नहीं कर सकते।
