किराना दुकान में शराब बिक्री से आक्रोशित महिलाओं ने बोला धावा

सतना: शहर से सटे कृपालपुर पुरेनिहा बस्ती में अवैध शराब बिक्री के विरोध में शुक्रवार को महिलाओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। बड़ी संख्या में महिलाएं लाठी-डंडे लेकर किराना दुकान पहुंचीं और शराब बिक्री बंद कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। प्रशासन की जांच में दुकान से शराब मिलने के बाद उसे सील कर दिया गया। वहीं दुकान संचालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलगवां थाना क्षेत्र अन्तर्गत वार्ड क्रमांक 16 की कृपालपुर पुरेनिहा बस्ती में शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं लाठी-डंडे लेकर शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी की किराना दुकान पर पहुंच गईं। महिलाओं ने दुकान बंद कराने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि किराना दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। महिलाओं का कहना था कि शराब बिक्री के कारण बस्ती का माहौल प्रभावित हो रहा है और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एसडीएम ने की दुकान की जांच
हंगामे की सूचना मिलने के बाद एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।अधिकारियों की मौजूदगी में किराना दुकान की जांच की गई। जांच के दौरान दुकान से काफी मात्रा में मदिरा मिलने की बात सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने दुकान को बंद कर सील कर दिया। लेकिन अधिकारियों और पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही दुकान संचालक शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी मौके से फरार हो गया।

स्कूल और मंदिर के पास शराब बिक्री का आरोप

स्थानीय महिलाओं ने बताया कि दुकान के आसपास एचटीसी स्कूल और अंबेडकर स्कूल हैं। इसके अलावा पास में काली मां का मंदिर भी स्थित है। शराब पीने के बाद कुछ लोग यहां जमा होकर अभद्रता और गाली-गलौज करते हैं। इससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और महिलाओं को परेशानी होती है। महिलाओं ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आबकारी एक्ट में कार्रवाई

पुलिस और आबकारी विभाग ने दुकान संचालक शिवकुमार चौधरी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जांच और बरामद शराब के आधार पर की जा रही है। फरार दुकान संचालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

Next Post

हत्या के आरोप में दूसरी जमानत अर्जी खारिज

Sat Sep 26 , 2026
जबलपुर: हाईकोर्ट जस्टिस देव नारायण मिश्रा ने एकलपीठ ने हत्या के मामले में आरोपी की दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी। एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा है कि गवाहों के बयानों की बहुत बारीकी से जांच करना उचित नही है।खमरिया थानान्तर्गत 8 फरवरी 2024 की रात को तीन मोटरसाइकिलों […]

You May Like