नयी दिल्ली 14 मई (वार्ता) केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन को पार्टी विधायक दल का नेता घोषित किया गया है। कांग्रेस की केरल प्रदेश प्रभारी दीपादास मुंशी ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि श्री सतीशन को केरल में पार्टी विधायक दल का नेता बनाया गया है। इस मौके पर उनके साथ केरल के लिए नियुक्त किये गये केन्द्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक भी मौजूद थे। श्रीमती दास मुंशी ने बताया कि गत सात मई को तिरुवनंतपुरम में पार्टी विधायक दल की बैठक में नेता चुनने का अधिकार पार्टी हाईकमान को दे दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में पार्टी के नेता राहुल गांधी, केन्द्रीय पर्यवेक्षकों तथा केरल के पार्टी सांसदों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श किया। इस सब के बाद श्री सतीशन का नेता पक्ष के लिए तय किया गया है।
उल्लेखनीय है कि केरल में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीएफ) को 140 सीटों में से 102 सीटों के साथ दो तिहाई से अधिक बहुमत मिला है। पार्टी को राज्य में 10 वर्षों के बाद सरकार बनाने का मौका मिला है। इस जीत में श्री सतीशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नेता पक्ष की दौड़ में श्री रमेश चेनीथल्ला, श्री के सी वेणुगोपाल भी शामिल थे।

