
सरई । जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत तिनगुड़ी के अंतर्गत कुकरांव में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पुल सरकारी विकास कार्यों की अधूरी तस्वीर बयां कर रहा है।
विडंबना यह है कि पुल का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन कुकरांव से पुल के उस पार तिनगुड़ी गांव तक पहुंचने के लिए सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। नतीजतन पुल बनने के बावजूद ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक पुल निर्माण के समय क्षेत्रवासियों में बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी थी। उन्हें लगा था कि पुल बनने से गांवों के बीच संपर्क आसान होगा और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
इनका कहना:-
कुकरांव में करोड़ों का पुल बन गया, लेकिन उस पार जाने के लिए सड़क नहीं है। पुल होने के बाद भी हम पैदल नहीं जा सकते। सरकार सिर्फ पुल बनाकर भूल गई, अब सड़क बनवाएं, तभी पुल का कोई मतलब होगा।
मनोज कुमार प्रजापति
इनका कहना:-
कुकरांव का पुल देखकर लगता है सरकार ने पैसा पानी में बहा दिया। पुल है, सड़क नहीं। बच्चे, बूढ़े, मरीज सब परेशान हैं। हम मांग करते हैं, सरकार जल्द सड़क बनवाएं, नहीं तो पुल सिर्फ दिखावे का रह जाएगा।
राजेश कुमार बैस,
