इंदौर। इस्कॉन के 60वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में निकाली गई। अन्नपूर्णा मंदिर से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई राजवाड़ा स्थित गोपाल मंदिर पहुंची। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए और भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में हरे कृष्ण महामंत्र और जय जगन्नाथ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा में देश-विदेश से आए संत, इस्कॉन के अनुयायी और हजारों भक्त शामिल हुए। शहर के विभिन्न स्थानों पर रथयात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम बनकर सामने आया।
