मंडला। जिले के नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार देर रात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान से टकरा गई। हादसे में वाहन में सवार एक महिला और एक बीमार स्कूली छात्रा घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, सिझोरा आवासीय विद्यालय की छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले बिछिया अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला रेफर किया गया। इसी दौरान ठोंडा के पास अचानक सामने आई एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो मकान की दीवार से जा टकराई।
घटना के बाद दोनों घायलों को हाईवे हेल्पलाइन 1033 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, महिला को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि छात्रा का इलाज अभी जारी है। घटना की सूचना मिलने पर विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा के परिजनों को भी सूचित किया। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
