
शाजापुर। पुलिस को अक्सर केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था के रूप में देखा जाता है, लेकिन शाजापुर के लालघाटी थाना पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक अर्धविक्षिप्त बुजुर्ग की सहायता कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे के मार्गदर्शन में थाना स्टाफ ने क्षेत्र में लंबे समय से भटक रहे एक अर्धविक्षिप्त बुजुर्ग की मदद की। बुजुर्ग काफी समय से न तो स्नान कर पाया था और न ही उसके बाल एवं दाढ़ी कटे थे, जिससे उसकी स्थिति बेहद दयनीय हो गई थी।
रविवार को थाना स्टाफ होटल पर नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान उनकी नजर बुजुर्ग पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन वह स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं बता पा रहा था। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ लालघाटी थाने लेकर आई।
थाने में बुजुर्ग को सम्मानपूर्वक स्नान कराया गया तथा उसके बाल और दाढ़ी कटवाकर साफ-सुथरा किया गया। देखभाल और अपनापन मिलने के बाद बुजुर्ग ने अपने घर के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी देना शुरू किया। पुलिस अब उसके बताए पते के आधार पर उसके परिजनों की तलाश कर रही है, ताकि उसे सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।
इस मानवीय पहल में प्रधान आरक्षक चंद्रपाल जाट, जसवंत जाटव, भारत किरार सहित लालघाटी थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस के इस सेवा कार्य की स्थानीय नागरिकों ने प्रशंसा करते हुए इसे “पुलिस का मानवीय चेहरा” बताया और कहा कि ऐसी पहल समाज में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।
