रियाद, 07 जुलाई (वार्ता) ब्रिटेन समुद्री व्यापार संचालन (यूकेएमटीओ) ने कहा है कि तीसरे व्यापारिक जहाज पर हमले के बाद मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव और बढ़ गया है।
यूकेएमटीओ ने कहा कि उसे ‘होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक और टैंकर से जुड़ी घटना की रिपोर्ट’ मिली है। एजेंसी ने बताया कि इस जहाज ( पहचान सार्वजनिक नहीं ) पर एक ड्रोन से हमला किया गया था, जिससे उसके ढांचे को मामूली नुकसान पहुंचा है।
एजेंसी ने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने या पर्यावरण पर कोई असर पड़ने की खबर नहीं है और टैंकर अगले बंदरगाह की ओर आगे बढ़ गया है।
कतर के एक लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) टैंकर ‘अल-रेकयात’ पर उस समय हमला हुआ, जब वह ओमान तट के करीब दक्षिणी समुद्री गलियारे से गुजर रहा था। यूकेएमटीओ की रिपोर्ट के अनुसार, एक मिसाइल या गोला इस जहाज से टकराया, जिसके लिए अमेरिकी और खाड़ी देशों के मीडिया ने ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।
सीबीएस न्यूज के मुताबिक अल-रेकयात पर हुए इस हमले के कारण जहाज के इंजन रूम में आग लग गयी, जिससे विस्फोट की आशंका पैदा हो गयी थी। चालक दल के सभी सदस्य हालांकि सुरक्षित बताये गये हैं।
कतर ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उसने ईरान पर हमला करने का आरोप लगाते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय नौवहन और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।
मंगलवार को ही ओमान के तट के करीब होर्मुज जलडमरूमध्य में सऊदी अरब के झंडे वाले एक दूसरे कच्चे तेल के सुपरटैंकर ‘वद्यान’ को भी ईरानी मिसाइल से नुकसान पहुंचाने की रिपोर्ट है। इन हमलों पर खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जीसीसी ने कतर के एलएनजी टैंकर पर हुए ‘क्रूर ईरानी हमले’ की कड़े शब्दों में निंदा की है।
जीसीसी के महासचिव जासिम मोहम्मद अल-बुदैवी ने ओमान तट के पास एलएनजी टैंकर पर हुए इस हमले को ‘खतरनाक कदम बताया है, जो क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा है’।
अपने बयान में अल-बुदैवी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है, “वे इन बार-बार होने वाले ईरानी हमलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाएं, ताकि क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा की रक्षा की जा सके और क्षेत्र की स्थिरता को खतरे में डालने वाली ऐसी शत्रुतापूर्ण हरकतों को दोबारा होने से रोका जा सके।” उन्होंने कहा कि जीसीसी कतर देश के साथ एकजुट खड़ा है और इस घटना के बाद कतर की ओर से उठाये जाने वाले ‘सभी कदमों के प्रति अपनी पूर्ण एकजुटता’ व्यक्त करता है।
