मुंबई, 25 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और डॉलर में नरमी से शुक्रवार को रुपया 24 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.75 रुपये का बोला गया।
लगातार दो दिन टूटने के बाद रुपये में तेजी देखी गयी है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 26 पैसे लुढ़ककर 95.99 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
भारतीय मुद्रा आज सात पैसे की मजबूती के साथ 95.92 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। बीच कारोबार में यह नीचे 95.94 रुपये और ऊपर 95.72 रुपये प्रति डॉलर तक गयी।
कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल में नरमी से रुपये को समर्थन मिला। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा सवा फीसदी से अधिक गिरकर फिलहाल 105 डॉलर प्रति बैरल के करीब है। साथ ही, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक के 0.33 प्रतिशत टूटने से भी रुपया मजबूत हुआ है।
वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार से 68.32 करोड़ डॉलर निकालने से रुपये की तेजी सीमित रही।
