
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने शुक्रवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के बागसेवनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 735, अमराई में ‘आंगन मिलन सेवा अभियान’ का शुभारंभ किया। अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवा और सामाजिक योगदान को सम्मान देने के साथ उनके साथ संवाद किया जा रहा है।
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवा, समर्पण और सामाजिक योगदान को सम्मान देने का अवसर है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के विकास, पोषण और संस्कार के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से समाज लगातार सशक्त हो रहा है और यह अभियान सामाजिक सहभागिता को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
मंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को शिक्षा, पोषण और देखभाल के साथ ममता का भाव भी मिलता है। अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवा भाव और योगदान को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र में बच्चों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली और परिसर में पौधारोपण भी किया।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान रूप कुमारी चौधरी ने आंगनबाड़ी परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर मंत्री प्रतिमा बागरी, महिला मोर्चा की महामंत्री ज्योति सिंह, सपना वर्मा, मोना सुस्तानी, प्रज्ञा त्रिपाठी, मोनिका ठाकुर, शीला पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय रहवासी मौजूद रहे।
