भोपाल:प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयपुर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य घोषित किए जाने के न्यायालय के फैसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।पत्रकारों से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि यह प्रकरण भाजपा के “चाल, चरित्र और चेहरा” को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को यह स्वीकार नहीं हो रहा है कि एक आदिवासी प्रतिनिधि विधानसभा तक कैसे पहुंच गया। पटवारी ने इसे आदिवासी विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया।
उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तंखा कांग्रेस की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में पैरवी करेंगे। पटवारी ने कहा कि पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि मुकेश मल्होत्रा अंततः जनता के समर्थन से अपना जनादेश फिर प्राप्त करेंगे।
पटवारी ने आदिवासी समाज से जुड़े भाजपा सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से भी इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की अपील की।उन्होंने महंगाई, प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ी मौतों, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का सरकार पर आरोप लगाया। साथ ही कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जबकि सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।
