नयी दिल्ली, 15 जनवरी (वार्ता) दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (वार्ता) पर दिल्ली का सामाजिक सौहार्द, सुरक्षा और वातावरण बिगाड़ने का आरोप लगाया है।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि आप के अनेक रूप हैं और उनमें से एक रूप है कि उससे जुड़े नेता और गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के लोग दिल्ली का सामाजिक सौहार्द, सुरक्षा और वातावरण बिगाड़ने के लिये काम करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि खुद श्री केजरीवाल एवं श्रीमती आतिशी द्वारा गत कुछ दिनों में बार-बार मंदिर या झुग्गी तोड़ने को लेकर दिये झूठे बयान दिया जाना अक्षम्य हैं, दिल्ली वाले इन्हें माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “ पश्चिम दिल्ली मेें गत कुछ वर्षों
में हमने देखा कि व्यापारियों से लूट-पाट की घटनाओं में वृद्धि हुई। भाजपा के एक नेता की भी हत्या हुई। इस सब की जांच चलती रही और अन्ततः इसके तार आप के एक विधायक नरेश बाल्यान तक पहुंचे। पुलिस ने पहले उन्हें एक व्यक्तिगत मामले मेें और उसके बाद उन्हें पश्चिम दिल्ली में संगठित अपराध को बढ़ाने में भूमिका के कारण मकोका के तहत गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के तुरन्त बाद से आप ने श्री बाल्यान की गिरफ्तारी को राजनीतिक द्वेष से जोड़ने का प्रयास किया, लेकिन आज लम्बी सुनवाई के बाद संबंधित न्यायालय ने उनकी मकोका में गिरफ्तारी को उचित मानते हुये जमानत मंजूर करने से इनकार कर दिया। न्यायालय द्वारा श्री बाल्यान को मकोका से छूट देने, जमानत मंजूर करने से इनकार के बाद यह स्पष्ट है कि पश्चिम दिल्ली में अपराध बढ़ाने में उनकी भूमिका रही हैं।
उन्होंने कहा, “ इसी तरह आप के पश्चिम दिल्ली से ही एक विधायक हैं विनय मिश्रा, जिन पर एक दलित महिला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पहले उसे 2020 में आम आदमी पार्टी में जोड़ा फिर उनसे 2022 के नगर निगम चुनाव मेें टिकट दिलवाने के नाम पर 10 लाख रुपये लिये और जब टिकट न मिलने पर उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो उसे डराया धमकाया और उनके लिए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। ”
श्री सचदेवा ने कहा कि उस महिला ने आज एक प्रमुख सामाचार एजेंसी को बताया किस तरह उनको लगातार डराया जा रहा है और मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है, जो भी उनका साथ देने का प्रयास करता है, उसको भी आप के नेताओं द्वारा डराया धमकाया जाता है। आज श्री मिश्रा द्वारा पीड़ित दलित महिला ‘आप’ नेताओं से पूछ रही है कि उसे न्याय कब मिलेगा?
उन्होंने कहा कि इसी तरह विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी, संजीव झा, सोमनाथ भारती, अमानातुल्ला खान, प्रकाश जरवाल, दिनेश मोहनिया, शरद चौहान आदि दिल्ली में महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार के लिये जाने जाते हैं। श्री अमानातुल्ला का तो अपराध के अनेक मामलों में, तो एक विधायक की उगाही के एक मामले में, एक टैंकर मालिक की हत्या में भी भूमिका रही है। पीड़ित परिवार ‘आप’ नेताओं से न्याय मांग रहे हैं।
