ईदगाह और मस्जिदों में पढ़ी गई ईद की नमाज, गले मिलकर दी मुबारकबाद

ग्वालियर: ग्वालियर चंबल क्षेत्र में ईद उल फितर यानि मीठी ईद का त्योहार आज सोमवार को हर्षोल्लास और परंपरागत तरीके के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शहर की 80 मस्जिदों और ईदगाह में सुबह 7 बजे से 9.30 बजे तक ईद की नमाज अदा की गई। कंपू ईदगाह, फूलबाग की मोती मस्जिद और किला गेट स्थित शाही जामा मस्जिद पर सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ी।

मौलानाओं ने नमाज की शुरुआत की तो नमाजियों ने अल्लाह की इबादत करते हुए अमन के लिए एक साथ हाथ उठाकर शीश झुकाया। इसके बाद दुआ मांगी गई कि देश में अमन चैन रहे, लोगों को कोरोना बीमारी से बचाएं। इसके बाद एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी गई। नमाज और मुबारकबाद देने के बाद मस्जिदों के बाहर बैठे गरीबों को जकात बांटा गया। ईद के मौके पर घर-घर में दावत बुलाई गई है।

ईद के मौके पर बड़ों ने बच्चों को ईदी भी दी। शहरकाजी अब्दुल अजीज कादरी ने सुबह ईद की नमाज अदा कराई। ईद पर भी सूरज के तेवर कम नहीं थे, जिससे रोजेदार व नमाजियों को परेशानी हुई। हालांकि इबादतगाहों में धूप से बचाने के लिए टेंट, तम्बू लगाए गए थे लेकिन वह नाकाफी थे, क्योंकि नमाजियों की भीड़ अधिक होने से यह भी छोटे पड़ गए।

कंपू ईदगाह के बाहर सडक़ पर तेज धूप में खुले में नमाज पढ़ी गई।मीठी ईद पर घरों में सुबह से ही पकवान बनना शुरू हो गए और सिवइयां व फैनी की खीर बनाई गई। सुबह से ही मुंह मीठा कराकर ईद की मुबारकबाद दी गई। नमाज खत्म होने के बाद गले मिलकर ईद की बधाई देते हुए सिवइयां खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। ईद के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं।

Next Post

पीताम्बरा शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्र में हर घंटे हजारों लोग कर रहे देवी के दर्शन

Mon Mar 31 , 2025
दतिया: प्रसिद्ध पीताम्बरा शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्र का आगाज हो गया है। नवरात्र के आज दूसरे दिन भी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा है। सुबह 9.30 बजे के बाद भीड़ उमड़ पड़ी। हर घंटे हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन […]

You May Like