एनएचआरसी ने झांसी में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार एक महिला की आत्महत्या पर स्वतः संज्ञान लिया

नयी दिल्ली 25 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश के झांसी में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार एक महिला की कथित आत्महत्या की सूचना पर स्वतः संज्ञान लिया है।

एनएचआरसी ने शुक्रवार को बताया कि आयोग ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें बताया गया है कि एक 19 वर्षीय महिला ने छह लोगों (जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं) द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किये जाने के बाद आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट के अनुसार, महिला कुछ काम से एक पशुशाला में गई थी तब छह आरोपियों ने कथित रूप से उसे पकड़ लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

उन्होंने बताया कि मीडिया रिपोर्ट की सामग्री, यदि सत्य है, तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के मुद्दों को उठाती है। आयोग ने इस मामले पर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगते हुए उत्तर प्रदेश के झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को नोटिस जारी किये हैं। इस रिपोर्ट में जांच की स्थिति और मृतक के परिजनों को भुगतान किये गये मुआवजे (यदि कोई) का विवरण मांगा गया है।

उल्लेखनीय है कि 23 सितंबर को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता वीडियो प्रसारित करने की धमकियों से व्यथित थी और उसने जहर का सेवन कर लिया।

 

 

Next Post

तेजपाल की सजा के खिलाफ याचिका पर उच्चतम न्यायालय का गोवा सरकार को नोटिस, उम्रकैद की मांग पर तेजपाल से भी मांगा जवाब

Fri Sep 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने 2013 के यौन उत्पीड़न मामले में तहलका के पूर्व संपादक तरुण तेजपाल को दोषी ठहराने और 10 वर्ष की सजा सुनाने वाले बॉम्बे उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर गोवा सरकार को नोटिस जारी किया है। न्यायालय […]

You May Like