नयी दिल्ली 25 सितम्बर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लद्दाख में 23 दिनों में 6,000 मीटर से अधिक ऊंची 20 चोटियों पर सफल चढ़ाई करने वाले पर्वतारोहण दल का शुक्रवार को यहां स्वागत किया। इस दल ने चामसेर-लुंगसेर, ग्यामा नाला और चोकुला क्षेत्रों में 20 ऐसी चोटियों पर पहली बार चढ़ाई की जहां किसी ने चढ़ाई नहीं की थी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह अभियान दिरांग स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स के 20 पर्वतारोहियों के दल ने सफलतापूर्वक पूरा किया। दल का नेतृत्व कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल ने किया।
रक्षा मंत्री ने पर्वतारोहियों के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत की पर्वतारोहण क्षमता और साहसिक खेलों में नेतृत्व को दर्शाता है। उन्होंने पर्वतारोहियों को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया और कहा कि इन सफल अभियानों से देश के युवा पर्वतारोहियों को साहसिक गतिविधियों और खोज के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। अभियान के दौरान इस दल ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बेहतर योजना, तकनीकी दक्षता, धैर्य और टीमवर्क का प्रदर्शन किया। इसका उद्देश्य ऊंचाई वाले सीमावर्ती क्षेत्रों में साहस और खोज की भावना को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ियों को पर्वतारोहण के लिए प्रेरित करना था। फ्लैग-इन समारोह में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

