ग्वालियर: विश्व साम्बो चैंपियनशिप के लिए ग्वालियर में भारतीय टीम का चयन होगा, देशभर के खिलाड़ी दम दिखाएंगे। बैटल ग्राउंड मार्शल आर्ट्स अकादमी ग्वालियर में 28 सितंबर को साम्बो इंडिया एसोसिएशन की ओर से प्रतिभागियों के चयन के लिए विशेष चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण शिविर में देश के विभिन्न राज्यों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से साम्बो खिलाड़ी प्रतिभाग करने के लिए ग्वालियर पहुंचेंगे और अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन साम्बो खेल से जुड़ने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
