ग्वालियर: सेवा-संकल्प अभियान के तहत सेवा यात्रा के रूप में निकाली जा रही बड़नगर – वाराणसी बाइक रैली गुरुवार देर रात ग्वालियर जिले में स्थित संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट पहुँची। बेहट में बाइक रैली में शामिल यात्रियों का भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पमालाओं तथा ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बाइक रैली में शामिल सदस्यों ने बेहट स्थित तानसेन स्मारक पहुँचकर संगीत सम्राट तानसेन को नमन किया। रैली के सदस्य आज 25 सितंबर को प्रातः 9 बजे ग्वालियर में शिवपुरी लिंक रोड स्थित शिवहरे गार्डन में आयोजित मुख्य जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शासकीय योजनाओं के हितग्राही एवं बड़ी संख्या में नागरिक बाइक रैली में शामिल प्रतिभागियों से सीधा संवाद करेंगे।
