मोदी ने सरोजा देवी के निधन पर जताया शोक

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पद्म भूषण से सम्मानित कन्नड़ फिल्मों की अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर शोक जताया।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “जानी-मानी फिल्मी हस्ती बी. सरोजा देवी जी के निधन से दुःखी हूं। उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति के अनुकरणीय प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा।”
सरोजा देवी का सोमवार को बेंगलुरु में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं और उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। उन्होंने अपने परिवार के बीच अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
श्री मोदी ने कहा कि सरोजा देवी के विविधता से भरे प्रदर्शन ने कई पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी। विभिन्न भाषाओं में और अलग-अलग विषयों पर उनके काम से उनकी बहुमुखी प्रकृति का पता चलता है। उन्होंने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सरोजा देवी का जन्म सात जनवरी 1938 को हुआ था और अपने छह दशकों से अधिक के फिल्मी करियर में उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु, हिंदी और सिंहली में लगभग 200 फिल्मों में अभिनय किया।
उन्होंने 1959 में बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया और ‘पैगाम’ फिल्म में वह दिलीप कुमार के साथ नजर आयीं। इसके बाद उन्होंने ‘ससुराल’, ‘प्यार किया तो डरना क्या’ और ‘बेटी बेटे’ जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया।
भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें 1969 में पद्म श्री और 1992 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें बैंगलोर विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि और तमिलनाडु सरकार से कलैमामणि पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

Next Post

सब्जी, दाल-दलहनों में नरमी से जून में खुदरा मुद्रास्फीति घटकर 77 महीने के निचले स्तर पर

Mon Jul 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) सब्जियों और दलहनों की कीमतों में भारी गिरावट के कारण जून में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित खुदरा मुद्रास्फीति घटकर 77 महीने के निचले स्तर 2.10 प्रतिशत पर आ गयी। जनवरी 2019 के बाद से जून 2025 में खुदरा मुद्रास्फीति अपने न्यूनतम स्तर पर है। जून […]

You May Like