
भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने विनिर्माण क्षेत्र में सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “उद्योग में हरित ऊर्जा के उपयोग” विषय पर सप्लायर्स ट्रेनिंग एवं अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) विपुल अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
कार्यक्रम में थिंक गैस, भोपाल के महाप्रबंधक शलभ शर्मा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (ईएमटी) समीयर पॉल, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (सीआरएक्स) ऋचा बाजपेयी, प्रबंधक (एफएसएक्स) दीपक कुमार तथा प्रिया दास उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अग्रवाल ने कहा कि बीएचईएल, भोपाल हरित भविष्य की दिशा में अग्रणी उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कंपनी न केवल अपने संचालन में, बल्कि सप्लाई चेन के सभी साझेदारों को भी टिकाऊ ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
इस अवसर पर शलभ शर्मा ने उद्योगों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के उपयोग की जानकारी दी, वहीं समीयर पॉल ने सौर ऊर्जा के महत्व और इसके लाभों पर प्रकाश डाला। दोनों ने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बीएचईएल द्वारा इस पहल का उद्देश्य सप्लायर्स और साझेदारों को सौर ऊर्जा एवं पीएनजी के व्यावहारिक ज्ञान से सशक्त बनाना है, ताकि वे स्वच्छ तकनीकों को अपनाकर सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण में सहयोगी बन सकें।
