इंदौर. इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम की नौकरी का विज्ञापन देखकर संपर्क करना छात्रा को भारी पड़ गया. नौकरी देने का झांसा देकर साइबर ठगों ने रजिस्ट्रेशन, लैपटॉप, इंश्योरेंस और इनकम टैक्स क्लियरेंस के नाम पर अलग-अलग भुगतान करवाए. छात्रा से 45,500 रुपए लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो उसे ठगी का पता चला.
सलोनी ने पुलिस को कि शिकायत में बताया कि 13 सितंबर को इंस्टाग्राम पर उसे नौकरी का विज्ञापन दिखा था. विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद एक व्यक्ति ने कॉल कर खुद को रिक्रूटर बताया और उसका नंबर नौकरी के लिए शॉर्टलिस्ट होने की बात कही. रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1500 रुपए जमा करवाए गए. अगले दिन एक व्यक्ति ने खुद को बायजू कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए नौकरी पक्की होने और कंपनी की ओर से लैपटॉप व मोबाइल देने की बात कही.
सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर 9600 रुपए और छह महीने के इंश्योरेंस के लिए 4800 रुपए जमा करवाए गए. इसके बाद आरोपियों ने पेमेंट सिस्टम में रकम अपडेट नहीं होने का बहाना बनाया. इस नाम पर पहले 4800 और फिर 9600 रुपए दोबारा जमा करवाए गए. बाद में दूसरे नंबर से कॉल कर इनकम टैक्स क्लियरेंस के नाम पर 14,900 रुपए और ट्रांसफर करा लिए. नौकरी का अपॉइंटमेंट लेटर नहीं मिलने पर सलोनी ने रुपए वापस मांगे, लेकिन आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया. इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की. मामले में थाना प्रभारी यशवंत बडोले का कहना है कि बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
