
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के विभिन्न अनुरक्षण विभागों के कर्मचारियों के लिए मानव संसाधन विकास केन्द्र (एचआरडीसी), विश्वकर्मा हॉल में तीन दिवसीय सीएनसी मेंटेनेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टी.यू. सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) द्वारा किया गया, जिन्होंने उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भी की।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, अनुरक्षण कार्यों में आने वाली चुनौतियों को साझा करने तथा कार्य निष्पादन में आने वाली बाधाओं को कम करने में सहायक होगा। उन्होंने एचआरडीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बीएचईएल की कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करते हैं और सभी कर्मचारियों को इनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रशिक्षण मशीन ब्रेकडाउन के समय को कम करने और सीएनसी मशीनों की सटीकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक (ईएमएक्स) सचिन जैन ने 16 प्रतिभागियों को सीएनसी मशीनों और उनके अनुरक्षण से संबंधित व्यावहारिक एवं विस्तृत जानकारी दी। तीन दिवसीय सत्र में प्रतिभागियों ने बीएचईएल के अनुभवी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए अनुरक्षण से जुड़ी समस्याएं साझा कीं और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
आमंत्रित वरिष्ठ अधिकारियों में मनीष ठाकुर, अपर महाप्रबंधक (एफईएक्स), एच.के. बघेल, अपर महाप्रबंधक (एफसीएक्स), रमेश चन्द्र, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (एफएचएक्स), भूपेन्द्र मिश्रा, वरिष्ठ प्रबंधक (ईएमएक्स) तथा राकेश दलाल, प्रबंधक (ईएमएक्स) शामिल रहे, जिन्होंने सीएनसी अनुरक्षण पर तकनीकी चर्चा की।
कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक (एचआरडीसी) कीर्ति सिंह ने प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, उनसे फीडबैक लिया और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने विभागों में लागू करने का आग्रह किया। एचआरडीसी प्रमुख सुरेखा बंछोर ने भविष्य में अधिक से अधिक कर्मचारियों को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
