जबलपुर: सिविक सेंटर स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास रविवार शाम एक वेल्डिंग दुकान में काम के दौरान गैस सिलेंडर का नोजल अचानक ढीला होकर निकल गया। भारी दबाव के कारण लोहे का यह टुकड़ा रॉकेट की तरह हवा में उछला और सीधे मंदिर परिसर के अंदर जा गिरा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि सिविक सेंटर स्थित मां बगलामुखी मंदिर के ठीक पास एक वेल्डिंग की दुकान है। यहाँ कर्मचारी रोजाना की तरह गैस वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे सिलेंडर का नोजल ढीला होने के कारण अचानक बाहर निकल गया। दबाव इतना तेज था कि लोहे का नोजल पेड़ से टकराने के बाद सीधे मंदिर प्रांगण के भीतर जाकर गिरा। प्रसिद्ध मंदिर होने के कारण यहाँ श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है।
अचानक तेज आवाज के साथ लोहे का भारी टुकड़ा गिरने से प्रांगण में मौजूद लोग सहम गए। गनीमत यह रही कि लोहे का टुकड़ा किसी श्रद्धालु को नहीं लगा, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर लार्डगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।
