
ब्यावरा। स्थानीय गुना रोड पर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में एकादशी पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर धाम पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा.
उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो फूलों से बाबा श्याम का श्रृंगार किया गया. फूलों से सजे बाबा के अलौकिक स्वरूप ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति ने व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियां की.
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्पमालाओं और पारंपरिक सजावट से भव्य रूप दिया गया. नगर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, कस्बों और जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आये. दोपहर में आरती के समय मंदिर प्रांगण और बाहर के मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे. कई गांवों से भव्य निशान यात्राएं निकाली गई. श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में निशान अर्पित किए. स्थानीय पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली विशाल निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही.
व्यवस्था बनाने में लगे रहे सदस्य
अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सिटी थाना पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल तैनात किया गया. मंदिर समिति सदस्य, नगर सुरक्षा समिति के कार्यकर्ता सुचारु दर्शन व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे.
