देश में किसी हालत में नहीं होने देंगे वोटों की चोरी : राहुल गांधी

औरंगाबाद,17 अगस्त (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा और कह कि “हम बिहार सहित पूरे देश में वोट की चोरी नहीं होने देंगे और जनता के सहयोग से ऐसे हर प्रयास को नाकाम किया जाएगा।”

श्री गांधी ने आज बिहार के औरंगाबाद में इंडिया महागठबंधन की वोट अधिकार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में पहले से ही लोगों को चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आभास था। महाराष्ट्र विधानसभा और लोकसभा चुनाव में नतीजे परस्पर विरोधी थे क्योंकि इस दौरान चुनाव आयोग ने फर्जी तरीके से एक करोड़ से ज्यादा वोटर तैयार कर दिए, जो भाजपा को वोट कर रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि बेंगलुरु में भी यही साजिश रची गई। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनकी पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस को देखे जिसने हरेक बिंदु पर आयोग की कथित गड़बड़ियों की पोल खोली गई है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि निर्वाचन आयोग पारदर्शी आंकड़े उपलब्ध कराने में नाकाम रहा। “चुनाव आयोग मुझसे एफिडेविट मांगता है, लेकिन अनुराग ठाकुर से मांगने की हिम्मत नहीं करता।” राहुल गांधी ने आगे कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने संविधान में हर नागरिक को वोट का अधिकार दिया, लेकिन आज यही अधिकार छीना जा रहा है। गरीबों के पास वोट ही एकमात्र ताकत है और अब उसी की चोरी की जा रही है।

श्री गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी-शाह की सरकार ने 2024 में ऐसा कानून लाया जिसके तहत चुनाव आयोग के अधिकारियों पर मुकदमा नहीं हो सकता। “यह इसलिए किया गया ताकि भाजपा और आयोग मिलकर वोट चोरी कर सकें, लेकिन अब वोट चोरों को जाना पड़ेगा क्योंकि बिहार उनकी असलियत समझ चुका है और लड़ने को तैयार है।” राहुल गांधी ने कहा कि कि कांग्रेस और तेजस्वी की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इसके खिलाफ लड़ेगी और बिहार की जनता किसी से डरने वाली नहीं है।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा और निर्वाचन आयोग मिलकर खुलेआम वोट चोरी कर रहे हैं। “ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स से बिहार को डराने का प्रयास नाकाम हो गया तो अब सीधा मतदाताओं का अधिकार छीना जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे अचेत मुख्यमंत्री हैं और भाजपा चुनाव के बाद उन्हें हाशिए पर डाल देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नकलची सरकार है, जो तेजस्वी यादव की घोषणाओं की हूबहू नकल करती है, चाहे वह डोमिसाइल नीति हो, मुफ्त बिजली का वादा हो या 5 लाख रोजगार का। तेजस्वी ने कहा कि बिहार तैयार है और इस बार वोट चोरों को भगाकर बिहार का विकास करने वाली नयी सरकार बनाएगा।

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश साहनी ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के संविधान का मूल तत्व ही वोट का अधिकार है, लेकिन भाजपा और निर्वाचन आयोग मिलकर उस अधिकार की चोरी कर रहे हैं। यह लोकतंत्र और संविधान दोनों पर हमला है।

भाकपा-माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि निर्वाचन आयोग, भाजपा के साथ मिलकर मतदाताओं के वोट चुराने की साजिश कर रहा है। राहुल गांधी ने इस सच्चाई को सामने लाकर भाजपा की कलई खोल दी है। अब देश सजग हो गया है और वोट चोरी करना आसान नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि गुजरात के भाजपाई नेता बिहार में वोटर बन रहे हैं और बिहारियों का अधिकार छीना जा रहा है। हम आंदोलन करेंगे और ऐसे वोट चोरों को सफल नही होने देंगे।

औरंगाबाद की यह रैली महागठबंधन की वोट अधिकार यात्रा का हिस्सा थी। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आज सुबह वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत सासाराम से हुई थी।

 

 

Next Post

सूची में हेराफेरी का आरोप लगाने वाले सात दिन में सबूत दें, नहीं तो देश से माफी मांगे: चुनाव आयोग

Sun Aug 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) चुनाव आयोग ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों की मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर शपथ पत्र के साथ सात दिन के अंदर सबूत पेश करने, अन्यथा देश से माफी मांगने के […]

You May Like