अबुजा, 12 अप्रैल (वार्ता) नाइजीरिया एक नई नीति लागू करेगा, जिसके तहत अगस्त से वीजा अवधि से अधिक समय तक रहने वाले यात्रियों पर प्रतिदिन 15 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया जाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गृह मंत्री ओलुबुनमी टुंजी-ओजो ने दक्षिण-पश्चिमी राज्य लागोस में मीडिया को बताया कि अगस्त में नाइजीरिया वीजा नीति 2025 के पूर्ण रूप से प्रभावी होने के बाद डिफॉल्टरों को देश में दोबारा प्रवेश करने पर पांच साल या उससे अधिक समय के लिए प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है।
टुंजी-ओजो ने कहा कि दंड आधिकारिक तौर पर मई में शुरू होंगे, लेकिन अगस्त तक तीन महीने की छूट अवधि होगी, जिसके दौरान वीजा अवधि से अधिक समय तक रहने वालों पर जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नई दंड प्रणाली का लक्ष्य नाइजीरियाई वीज़ा के दुरुपयोग को रोकना है और जो यात्री तीन महीने से अधिक समय तक रुकेंगे, उन्हें पांच साल का प्रतिबंध झेलना पड़ेगा। जो लोग अपने वीज़ा की समाप्ति के बाद एक साल या उससे अधिक समय तक रुकेंगे, उन्हें 10 साल के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि यह अनुपालन की गारंटी, जिम्मेदार प्रवास को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नाइजीरिया आव्रजन सेवा को दंड लागू करने का अधिकार दिया गया है।
