जनकपुरी में 11 आरोग्य मंदिर खुलेंगे : सूद

जनकपुरी में 11 आरोग्य मंदिर खुलेंगे : सूद

नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि दिल्ली सरकार केंद्र की सभी जनहितकारी योजनाओं को राजधानी में प्रभावी रूप से लागू कर रही है और इसके लिए वह केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है।

श्री सूद ने मंगलवार को अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जनकपुरी में एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि आज जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में जिस आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण हुआ है, वह दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था के इतिहास में एक स्वर्णिम कदम है। जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में इस तरह के 11 और आयुष्मान आरोग्य मंदिर शीघ्र खोले जायेंगे, जिनसे यहां की जनता को बहुत लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था के इतिहास में एक क्रांतिकारी पहल हुयी है। दिल्ली में 1100 से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मन्दिर बनाने का लक्ष्य रखा है। उनमें से 33 आयुष्मान आरोग्य मन्दिरों को आज मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, सांसद तथा विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र में लोकार्पित किया है। उन्होंने यह भी कहा की इन आरोग्य मन्दिरों में कई प्रकार की जांच भी निःशुल्क की जायेंगी। साथ ही इनमें 200 से ज्यादा तरह की दवाइयां भी निःशुल्क दी जायेंगी। इसके अतिरिक्त इन स्वास्थ्य केन्द्रों में लोगों को सरकार की ओर से कई तरह की अन्य सुविधायें भी उपलब्ध करायी जायेंगी। सभी आरोग्य मन्दिरों में जनता की सुविधा के लिए एयरकंडीशनर, पेयजल, शौचालय, वेटिंग एरिया आदि के साथ-साथ महिलाओं के लिए डे केयर की सुविधा भी उपलब्ध है।

श्री सूद ने बताया कि दिल्ली सरकार केंद्र की सभी जनहितकारी योजनाओं को राजधानी में प्रभावी रूप से लागू कर रही है और इसके लिए वह केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है। इसी का एक मूर्त रूप स्वास्थ्य के क्षेत्र में आरोग्य मंदिर योजना भी है। इसके अतिरिक्त एक और सबसे महत्वपूर्ण योजना ‘आयुष्मान भारत योजना’ है, जिसे पहले किसी भी सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया था लेकिन दिल्ली सरकार ने सत्ता संभालते ही इसे अपनी शीर्ष प्राथमिकता पर रखते हुये राजधानी के सभी अस्पतालों में लागू किया है।

Next Post

आरोग्य मंदिरों में गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा: इंद्राज

Tue Jun 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने मंगलवार को कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दिल्ली वासियों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा। श्री इन्द्राज ने आज बवाना में आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित करने के बाद कहा कि प्रदेश के […]

You May Like