तेहरान, 11 नवंबर (वार्ता) ईरान ने अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। यह कदम अर्जेंटीना द्वारा ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) को आतंकवादी संगठन की सूची में डालने के फैसले के जवाब में उठाया गया है।
ईरानी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि यह कार्रवाई अर्जेंटीना के ईरान के सशस्त्र बलों की एक शाखा आईआरजीसी के खिलाफ की गई ‘शत्रुतापूर्ण कार्रवाई’ के जवाब में है।
मंत्रालय ने कहा, “चूंकि अर्जेंटीना सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कानून के मूलभूत सिद्धांतों के विपरीत एक शत्रुतापूर्ण कदम उठाते हुए हमारे आधिकारिक सशस्त्र बलों के हिस्से इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) को एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है, इसलिए ईरानी सरकार पारस्परिकता के सिद्धांत का हवाला देते हुए अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को आतंकवादी संगठन घोषित करती है।”
मंत्रालय ने 2019 के एक ईरानी कानून का भी हवाला दिया, जिसका शीर्षक ‘अमेरिका के आईआरजीसी को आतंकवादी संगठन घोषित करने के खिलाफ जवाबी कार्रवाई” है। यह कानून उन देशों के खिलाफ जवाबी उपायों का प्रावधान करता है, जो अमेरिका के आईआरजीसी को आतंकवादी घोषित करने का समर्थन करते हैं या उसका पालन करते हैं।
मंत्रालय ने चेतावनी दी कि अर्जेंटीना सरकार इस फैसले से उत्पन्न होने वाले ‘सभी परिणामों की जिम्मेदारी खुद उठाएगी’।
डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन के अपने सहयोगियों से ऐसी ही कार्रवाई करने के आह्वान के बाद अर्जेंटीना ने मार्च में आधिकारिक तौर पर आईआरजीसी को एक आतंकवादी संगठन के रूप में नामित किया था।
यह निर्णय आईआरजीसी के हिजबुल्लाह को दिए गए कथित समर्थन से जुड़ा था। हिजबुल्लाह वह लेबनानी सशस्त्र समूह है, जिसे अर्जेंटीना ब्यूनस आयर्स में 1994 में एएमआईए यहूदी सामुदायिक केंद्र पर हुए बम विस्फोट के लिए जिम्मेदार मानता है। उस हमले में 85 लोग मारे गए थे और 300 से अधिक घायल हुए थे।
ईरान ने आईआरजीसी को आतंकवादी संगठन घोषित करने के अर्जेंटीना के फैसले की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘गैर-कानूनी और अनुचित’ तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के विपरीत बताया था।
इससे पहले इसी महीने ईरान ने उसकी सरकार के खिलाफ ब्रिटिश सरकार की कार्रवाइयों का हवाला देते हुए ब्रिटेन की रॉयल नेवी, रॉयल एयर फोर्स और सीक्रेट इंटेलिजेंस सर्विस को भी ‘आतंकवादी और शत्रुतापूर्ण’ संस्थाएं घोषित किया था।
