कानपुर में चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं

कानपुर 11 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम गोरखपुर के लिये रवाना हुयी 15003 चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतर गया। हालांकि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे के सूत्रों के अनुसार कानपुर अनवरगंज स्टेशन से गोरखपुर के लिये जा रही चौरी चौरा एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर करीब दस मिनट के ठहराव के बाद शाम पांच बज कर सात मिनट के करीब प्लेटफार्म नंबर सात से गोरखपुर के लिये रवाना हुयी थी। अभी ट्रेन प्लेटफार्म से पूरी तरह निकल भी नहीं पायी थी कि तेज आवाज के साथ एसी थ्री टियर के चार कोच एक के बाद पटरी से उतर गये।

उन्होने बताया कि हादसे में किसी यात्री के चोटिल होने की सूचना नहीं है। घटना के तुरंत बाद रेलवे विभाग की तकनीकी टीम वरिष्ठ अधिकारियों की देख रेख में राहत एवं बचाव कार्य में जुट गयी। इस हादसे में रेल संचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है।

प्रयागराज मंडल से वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। ट्रेन के बेपटरी डिब्बों को अलग कर उन्हे क्रेन की मदद से हटाया गया है। रेलवे ने प्रभावित ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के परिजनों के लिये हेल्प लाइन नंबर जारी किये हैं।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आज शाम करीब 5:07 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जा रही ट्रेन संख्या 15003 चौरीचौरा एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म से रवाना होते समय एसी श्रेणी के चार कोच पटरी से उतर गए। घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है तथा सभी यात्री सुरक्षित हैं। रेलवे की सेफ्टी टीम मौके पर पहुंचकर घटना के कारणों की गहनता से जांच करेगी। जांच के उपरांत ही घटना का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।

 

 

 

Next Post

कुएं में डूबने से किसान की मौत

Wed Nov 11 , 2026
सारंगपुर। खेत पर फसल को पानी देने गए 55 वर्षीय किसान की कुएं में डूबने से मौत होने का मामला सामने आया है. जब किसान शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजन तलाशने खेत पहुंचे. कुएं में किसान का शव तैरता दिखा. ग्रामीणों ने शव बाहर निकाला और अस्पताल ले […]

You May Like