जबलपुर: जिले में कृषि आधारित नवाचार, मूल्य संवर्धन और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने उन्नत तकनीक से की जा रही खेती, एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट तथा संभागीय हाट बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और संभावनाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने नानाखेड़ा चरगवां रोड स्थित गोपाल असावा के खेत में 28 एकड़ में उन्नत तकनीक से की जा रही शिमला मिर्च, टमाटर, बैंगन एवं स्ट्रॉबेरी की खेती का प्रक्षेत्र भ्रमण किया। इसके पश्चात उन्होंने उमरिया डुंगरिया इंडस्ट्रियल एरिया में पल्लवी पटेल की वाम एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट का अवलोकन किया, जहां डिहाइड्रेटेड शिमला मिर्च, इलायची, लौंग, दालचीनी, ग्रीन चिली और टमाटर का प्रसंस्करण किया जा रहा है। इस अवसर पर उप संचालक उद्यान डॉ. नेहा पटेल एवं महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्री विनीत रजक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागीय हाट बाजार का निरीक्षण
इसके साथ ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने कांचघर क्षेत्र में प्रस्तावित संभागीय हाट बाजार का निरीक्षण किया। यह हाट बाजार महाकौशल क्षेत्र की पहचान को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण उत्पादों को शहर तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। यहां स्व-सहायता समूह की महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने का स्थायी मंच मिलेगा। हाट बाजार में गोंडी पेंटिंग, मार्बल उत्पाद, कच्ची घानी तेल मिल, दाल प्रसंस्करण इकाई, कोदो-कुटकी मिलेट उत्पाद, कुकीज, नॉनवेज रेस्टॉरेंट, देशी चिकन एवं देशी अंडे की दुकानों जैसी इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
