
सतना . सतना जिले के धारकुण्डी व सिंहपुर क्षेत्र सहित मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र में सामने आईं अलग अलग घटनाओं में जलाशय में डूबने से 4 लोगों की मौत हो गई. कहीं स्नान करते समय तो कहीं कजलयां विसर्जन के दौरान यह घटनाएं सामने आईं. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बम्होरी गांव के निवासी अमन त्रिपाठी पिता देव दत्त त्रिपाठी उम्र 24 वर्ष और अजय पाण्डेय पिता मोहनलाल पाण्डेय उम्र 18 वर्ष निवासी इटमा थाना मझगवां अपने अपने परिजनों के साथ रविवार को धारकुण्डी आश्रम में दर्शन-पूजन के लिए गए हुए थे. बताया गया कि धारकुण्डी आश्रम में स्थित अघमर्षण कुण्ड में स्नान के लिए दोनों युवक उतरे थे. हलांकि उस दौरान वहां पर और भी लोग उपस्थित थे. लेकिन अचानक संतुलन बिगडऩे की वजह से दोनों गहरे पानी में चले गए. वहीं बहाव होने के कारण वे संभल नही पाए और पानी में डूब गए. घटना की जानकारी होते ही आस पास मौजूद लोगों ने दोनों युवकों की खोजबीन शुरु की. कुछ देर तक कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों को खोज निकाला गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. पानी में डूबने के कारण दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया. यह देखते ही वहां पर मौजूद परिजनों के बीच कोहराम मच गया. घटना की जानकारी मिलने पर धारकुण्डी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
कजलइयां विसर्जन के दौरान डूबा
जलाशय में डूबकर कर मौत हो जाने की दूसरी घटना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में सामने आई. बताया गया कि सुजावल गांव में कुछ लोगों द्वारा जलाशय के किनारे कजलइयां विसर्जन किया जा रहा था. इसी दौरान योगेंद्र कुशवाहा नामक युवक कजलइयां विसर्जन करने के लिए गहरे पानी की ओर चला गया. जिसके चलते डूबने से उसकी मौत हो गई. इसी तरह की एक अन्य घटना मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में सामने आई. जहां पर सुलखमा गांव में अपनी भैंस खोजने के लिए निकले वृद्ध मुन्ना साकेत की जलाशय में डूबने से मौत हो गई.
