
भोपाल। शहर में गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने सभी एसडीएम को गैस एंजेंसियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं, अवैध रिफिलिंग पर निगरानी रखी जा रही है. राजधानी में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिंलिंग को रोकने जिला खाद्य नियंत्रक के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम को जहांगीराबाद,बुधवारा,मंगलवारा,इतवारा सहित अन्य स्थानों पर गैस रिफिलिंग की शिकायतें मिली थीं, लेकिन इनमें से कहीं अवैध रिफिलिंग होती नहीं मिली. जहांगीराबाद की दुकान बंद मिली. ऐसे में अवैध गैस रिफिलिंग करने वाले दुकान संचालक पर कार्रवाई नहीं हो सकी. वहीं बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा समेत जिन स्थानों पर टीम पहुंची, वहां भी अवैध रिफलिंग होती नहीं दिखी. संत हिरदाराम नगर,भेल,कोलार,अयोध्या बायपास,अवधपुरी,मिसरोद,कोटरा सुल्तानाबाद,नेहरू नगर,रोशनपुरा,न्यू मार्केट,जवाहर चौक,पीएंडटी,माता मंदिर,सेकंड नंबर बस स्टॉप,पांच नंबर,शिवाजी नगर, सात,10,11,12 नंबर की दुकानों पर भी टीम गई, लेकिन अवैध रिफिलिंग नहीं होने से टीम के सदस्यों को वापस लौटना पड़ा.
उधर, विगत दो रोज शनिवार और रविवार को भी एजेंसियों का निरीक्षण किया गया था.
जिला प्रशासन के आदेश के बाद सभी एसडीएम और तहसीलदारों ने एजेंसियों पर निरीक्षण किया और उन पर वितरण को लेकर पूरी जानकारी ली. वहीं करीब एक दर्जन गैस एजेंसियों की पांच बिन्दुओं जैसे सिलेंडरों का भंडारण करना,गैस रिफिलिंग करना,अधिक दाम पर सिलेंडर बेचने,सिलेंडर में कम गैस देना,पेंडिंग बुकिंग को खत्म करने के लिए जांच की थी. इसकी रिपोर्ट कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भेजी थी.
अवैध गैस रिफिलिंग की मिली थी शिकायत
जिला खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग करने वालों की शिकायतें मिली थीं. ऐसे में जांच दल कई जगहों पर गया. कहीं दुकानें बंद मिली तो कहीं जो दुकानें खुली थीं, वहां रिफिलिंग होती नहीं मिली. इन दुकानों की जांच करके और अवैध रिफिलिंग नहीं करने की चेतावनी दी गई.
