इंदौर: खाद्य तेलों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बुधवार को मल्हारगंज और सियागंज में कार्रवाई की. अभियान के दौरान खाद्य तेलों के 11 नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि मल्हारगंज स्थित एक गोदाम से करीब 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया. जब्त तेल की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपए बताई गई है.
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई. खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, अन्य राज्यों और मध्यप्रदेश के दूसरे जिलों से इंदौर आने वाले खाद्य तेलों की गुणवत्ता जांचने और मिलावट की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
मल्हारगंज में 9 नमूने लिए, लाइसेंस नहीं मिला
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मल्हारगंज स्थित श्री श्याम एंड श्याम ऑयल्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम का निरीक्षण किया. यहां सोना सिक्का ब्रांड मूंगफली तेल और कच्ची घानी मस्टर्ड ऑयल के अलग-अलग पैकिंग साइज के कुल 9 नमूने जांच के लिए लिए गए. निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर आवश्यक खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया. अधिकारियों ने मौके से करीब 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 21 लाख रुपए बताई गई है. जब्त तेल और लिए गए नमूनों से संबंधित जांच प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है.
सियागंज से दो नमूने लिए
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 23 सितंबर को सियागंज मेन रोड स्थित शंकर महादेव ट्रेडर्स का भी निरीक्षण किया. यहां से प्रीमियम रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल और गुलाब कोल्ड प्रेस्ड ग्राउंडनट ऑयल के दो नमूने लिए गए हैं. दोनों नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है.
रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि मल्हारगंज और सियागंज की कार्रवाई में खाद्य तेलों के कुल 11 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं. सभी नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा
