इंदौर: दो हजार रुपए से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट एमडीआर के विरोध में बुधवार को इंदौर सहित मध्यप्रदेश के कई बाजारों में ‘नो यूपीआई डे’ मनाया गया. अहिल्या चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के आह्वान पर आयोजित इस अभियान में व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों ने एक दिन यूपीआई भुगतान स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया. आयोजकों के अनुसार, अभियान को प्रदेश के 100 से अधिक व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिला.
राजबाड़ा क्षेत्र में इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन की ओर से अनूठा विरोध दर्ज कराया गया. एसोसिएशन अध्यक्ष अक्षय जैन के नेतृत्व में सैकड़ों यूपीआई क्यूआर कोड स्टैंड और भुगतान उपकरण एकत्रित किए गए और उन्हें काले कपड़ों से ढंककर विरोध जताया गया. प्रदर्शन में विजेंद्र सिंह चौहान, राजेश गीतांजलि, पवन पंवार, मुकेश पटवा, नितेश चौरसिया, मिलन जैन, कैलाश खंडेलवाल, चेतनदास डेंबला सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए.
दुकान-दुकान पहुंचे व्यापारी
अभियान के तहत मारोठिया बाजार, नरसिंह बाजार, शीतलामाता बाजार, सराफा, शक्कर बाजार और बजाजखाना चौक सहित विभिन्न बाजारों में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि दुकान-दुकान पहुंचे. यहां व्यापारियों के यूपीआई क्यूआर कोड को प्रतीकात्मक रूप से काले कपड़े से ढंका गया और उनसे ‘नो यूपीआई डे’ में सहयोग करने की अपील की गई.
व्यापारियों का दावा- करोड़ों का डिजिटल कारोबार प्रभावित
व्यापारिक संगठनों का दावा है कि एक दिन यूपीआई भुगतान से दूरी बनाने के कारण इंदौर में करीब 50 करोड़ रुपए से अधिक का डिजिटल कारोबार प्रभावित हुआ. यह आंकड़ा व्यापारिक संगठनों का अनुमान है. व्यापारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य डिजिटल भुगतान व्यवस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि प्रस्तावित एमडीआर को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराना है. व्यापारियों के मुताबिक, पिछले वर्षों में यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया गया है. ऐसे में अब बड़े लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगने की स्थिति में छोटे और मध्यम कारोबारियों की लागत बढ़ सकती है. इसी चिंता को लेकर व्यापारियों ने एक दिन यूपीआई भुगतान से दूरी बनाकर अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया.
आयोजकों के अनुसार, यह अभियान 16 सितंबर से शुरू किया गया था और 23 सितंबर को ‘नो यूपीआई पेमेंट डे’ रखा गया. उनका दावा है कि मध्यप्रदेश के विभिन्न हिस्सों में व्यापारियों ने इसमें भाग लिया. आयोजकों ने यह भी कहा कि देश के अन्य राज्यों में भी व्यापारिक संगठनों ने इस तरह की पहल का समर्थन किया.
अतिरिक्त आर्थिक भार डालेगा
व्यापारियों का विरोध यूपीआई व्यवस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि एमडीआर के प्रस्ताव के खिलाफ है. यूपीआई का शुल्क व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालेगा. व्यापारी देश के विकास में योगदान देने के लिए हमेशा तैयार हैं, लेकिन बैंकों से संबंधित अतिरिक्त बोझ व्यापारियों पर डालना उचित नहीं है. इस मुद्दे पर प्रदेश के व्यापारी और व्यापारिक संगठन एकजुट हैं. ‘नो यूपीआई पेमेंट डे’ को सफल बनाने के लिए सभी व्यापारियों और संगठनों का आभार.
– रमेश खंडेलवाल, अध्यक्ष, अहिल्या चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री
लगभग 50 करोड रुपए का व्यापार प्रभावित
यूपीआई आज व्यापार और ग्राहकों के लिए भुगतान का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है. हमारा विरोध डिजिटल भुगतान से नहीं है. दो हजार रुपए से अधिक के लेनदेन पर प्रस्तावित एमडीआर को लेकर व्यापारियों में चिंता है. इसी बात को सामने रखने के लिए राजबाड़ा पर क्यूआर स्टैंड को काले कपड़ों से ढंककर सांकेतिक विरोध किया गया. बड़ी संख्या में व्यापारियों ने इसमें सहभागिता की. इंदौर में यूपीआई के विरोध से लेनदेन नहीं करने पर लगभग 50 करोड रुपए का व्यापार प्रभावित हुआ है.
– अक्षय जैन, अध्यक्ष, इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन
चिंता जताने के लिए उठाया कदम
हमारे कारोबार में लाल ईंट, फ्लाई ऐश ईंट, टाइल्स, रेती सहित भवन निर्माण सामग्री की बिक्री होती है। इन वस्तुओं के व्यापार में यूपीआई के माध्यम से होने वाला करीब 5 करोड़ रुपए का लेनदेन एक दिन प्रभावित हुआ. व्यापारियों ने यह कदम डिजिटल भुगतान के विरोध में नहीं, बल्कि प्रस्तावित एमडीआर को लेकर अपनी चिंता जताने के लिए उठाया है.
– गोविंद अग्रवाल, भवन निर्माण सामग्री व्यापारी
