
शिवपुरी। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर शासकीय आयुर्वेद औषधालय गोपालपुर द्वारा बुधवार को सामुदायिक भवन में आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत सरपंच नरेश चौहान रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 69 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श एवं औषधियां प्रदान की गईं।
शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. राय सिंह, आयुर्वेद महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कृष्णा लोधी, दवासाज टेकन सिंह कुशवाह एवं दिनेश वाल्मीकि ने सेवाएं दीं। इस दौरान ग्रामीणों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व, संतुलित आहार-विहार, स्वस्थ जीवनशैली और विभिन्न रोगों की रोकथाम में आयुर्वेद की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
