खेत में दौड़ाया करंट, गाय की तड़पकर मौत, पिता, पुत्र भी झुलसे, किसान पर एफआईआर 

जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत गाडाघाट में पड़ोसी किसान द्वारा अपने खेत की बाड़ में बिजली का करंट दौड़ा दिया। जिसकी चपेट में आने से गाय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अपनी गाय को तड़पता देख उसे बचाने दौड़े पीडि़त किसान और उसका बेटा भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। मामले की जांच के बाद पाटन पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी पड़ोसी किसान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक गाडाघाट निवासी राम प्रसाद राठौर (50) खेती किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके पास चार गायें हैं। वे अपनी गायों को खेत में चरा रहे थे। राम प्रसाद के खेत के ठीक बाजू में लखन पटेल का खेत है, जिसने इस समय तिली की फसल बो रखी है। चरते-चरते एक गाय लखन पटेल के खेत की मेढ़ के पास चली गई। कुछ देर बाद जब राम प्रसाद और उनके बेटे विनायक राठौर ने गाय को वहां जमीन पर गिरा हुआ देखा, तो वे उसे उठाने के लिए पास पहुंचे। जैसे ही दोनों ने गाय को हाथ लगाया, उन्हें बिजली का जोरदार झटका लगा और वे दूर जा गिरे। करंट इतना भीषण था कि राम प्रसाद के दाहिने हाथ की हथेली और विनायक के बाएं हाथ के पंजे पर झुलसने के गहरे निशान बन गए। करंट के झटके से संभलने के बाद जब पिता-पुत्र ने ध्यान से देखा, तो गाय के दोनों पैर लखन पटेल के खेत में तार में फंसे हुए थे। तारों को जब आगे देखा गया, तो आरोपी लखन ने पास ही स्थित बिजली के खंभे से एक तार सीधे खेत में जोड़ रखी थी, जिससे पूरे खेत में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत गाय का पोस्टमार्टम वेटरनरी अस्पताल पाटन में कराया। डॉक्टरों ने भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गाय की मौत की वजह करंट लगना ही बताया है। पीडि़त राम प्रसाद का आरोप है कि लखन पटेल ने जानबूझकर और लापरवाही पूर्वक कटीले तारों में करंट फैलाया था, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर दी है।

Next Post

रॉन्ग साइड से आई पिकअप ने बस को मारी सीधी टक्कर नगाघाटी मोड़ पर हुआ हादसा

Wed Sep 23 , 2026
जबलपुर। जबलपुर-मंडला मार्ग पर बरेला थाना अंतर्गत नगाघाटी के खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार से आ रही एक लोडिंग पिकअप ने रॉन्ग साइड से सवारियों से भरी बस को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के ड्राइवर हिस्से की लोहे की चादर पीछे तक […]

You May Like