
जबलपुर। जबलपुर-मंडला मार्ग पर बरेला थाना अंतर्गत नगाघाटी के खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार से आ रही एक लोडिंग पिकअप ने रॉन्ग साइड से सवारियों से भरी बस को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के ड्राइवर हिस्से की लोहे की चादर पीछे तक उखड़ गई और खिड़कियों के कांच चकनाचूर हो गए। हालांकि, बस चालक की सूझबूझ के कारण बस पलटने से बच गई, जिससे उसमें सवार दर्जनों यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस के अनुसार, रांझी व्हीकल एस्टेट, गंगा मैया निवासी छोटे लाल बर्मन (47) पिछले 27 वर्षों से जबलपुर-मंडला रूट पर बस चलाने का काम कर रहे हैं। वह शाश्वत ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 20 पी ए 5751 में मंडला से सवारियां लेकर जबलपुर के लिए आ रहे थे। सुबह करीब 11:20 बजे जैसे ही बस नगाघाटी मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही सफेद रंग की पिकअप क्रमांक एमपी 49 जेड एफ 3072 के चालक ने यातायात नियमों को ताक पर रखकर वाहन को गलत दिशा में डाल दिया और सीधे बस में दे मारा। दुर्घटना के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कंडक्टर सत्येंद्र कुमार खांडे और हेल्पर चंद्रेश चौधरी ने बताया कि पिकअप चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। टक्कर के कारण बस की दो बड़ी खिड़कियों के कांच पूरी तरह टूट गए और पूरी बॉडी पर गहरे स्क्रैच आ गए हैं। इस हादसे में बस मालिक को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचा है। हादसे के तुरंत बाद चालक छोटे लाल बर्मन बस को लेकर बरेला थाने पहुंचे और पुलिस कोसूचना दी। लेकिन बस में दूर-दराज के यात्री बैठे होने के कारण, चालक ने पहले उन्हें सुरक्षित जबलपुर छोडऩे का फैसला किया। बस को दीनदयाल बस स्टैंड पर खड़ा कर सवारियों को उतारने के बाद, ड्राइवर छोटे लाल और कंडक्टर सत्येंद्र वापस थाना पहुंचे और आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई ।
ट्रक ने कार को पीछे से मारी टक्कर
अधारताल थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे एन एच 07 पर करोंदानाला मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही मारुति सुजुकी इग्निस कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। अधारताल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक यूपी 70 एफटी 4521 का चालक वाहन को लापरवाही से चलाते हुए आ रहा था। करोंदानाला मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने आगे जा रही मारुति सुजुकी इग्निस कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 9634 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार में सवार लोग बाल-बाल बचे, लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। टक्कर के कारण कार का पिछला गेट पूरी तरह से मुड़ गया है, बम्फर टूट कर बिखर गया और गाड़ी का बैक साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
