
नीमच। जिले की रामपुरा तहसील में झालावाड़ रोड पर मंगलवार शाम हादसा हो गया। बेसला और बूज के बीच एक तेज रफ्तार वैन अचानक बेकाबू होकर सडक़ किनारे सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार एक शख्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा बुरी तरह घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वैन काफी तेजी से जा रही थी कि तभी अचानक ड्राइवर का गाड़ी से संतुलन बिगड़ गया। टक्कर की तेज आवाज सुनते ही पास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े और वैन में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए।
अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
खबर मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस से पास के अस्पताल पहुंचाया। वहां शुरुआती इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
