इन्फ्लुएंसर का सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक, अश्लील मैसेज भेजे

सीधी। सोशल मीडिया पर रिल्स बनाने वाली एक इन्फ्लुएंसर ने सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक कर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया है। युवती ने एक युवक पर मोबाइल नंबर हासिल कर उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स से छेड़छाड़, आपत्तिजनक संदेश भेजने, ब्लैकमेल करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। युवती ने मंगलवार को सीधी कोतवाली पहुंचकर थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए जांच और नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।

युवती के मुताबिक, वह शहर में किराए के कमरे में अकेली रहती है। वह दूसरों के घरों में काम करती है और पार्ट टाइम सोशल मीडिया पर रील बनाकर आय अर्जित करने की कोशिश करती है। उसने आरोप लगाया कि इसी दौरान राज जायसवाल नाम के युवक ने एक अन्य लड़की के माध्यम से उसका मोबाइल नंबर हासिल किया। युवती ने बताया कि उसे पूजा पार्क में वीडियो बनाने के लिए बुलाया गया था। उसके मुताबिक इसी दौरान उसका मोबाइल नंबर राज जायसवाल तक पहुंचा। इसके बाद उसने अपने मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया।शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके व्हाट्सएप, मैसेंजर और इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक संदेश भेजे जाने लगे। उसने आरोप लगाया कि युवक उस पर जबरन संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। मना करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसका मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। इसके बाद उसे अनजान लोगों के फोन और मैसेज आने लगे। उसने इससे परेशान होने की बात कही है। युवती के मुताबिक उसने पहले अमिलिया थाने में शिकायत करने की कोशिश की थी। वहां से उसे कोतवाली थाना भेजा गया। इसके बाद उसने सीधी कोतवाली में थाना प्रभारी को आवेदन दिया।

इनका कहना है-

इस संबंध में आवेदन मिला है। मामले की जांच की जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी कोतवाली

Next Post

आरटीओ इंस्पेक्टर भोपाल हत्या कांड:आरोपी सीधी के युवक की आत्महत्या से अनसुलझे कई सवाल!

Tue Sep 22 , 2026
सीधी । आरटीओ इंस्पेक्टर भोपाल हत्याकांड में आरोपी सीधी के युवक की आत्महत्या से कई अनसुलझे सवाल उठ रहे हैं। दतिया आरटीओ इंस्पेक्टर के हत्या के आरोप में घिरे सीधी जिले के बहरी थाना अंतर्गत भनवारी निवासी पवन का गृह ग्राम में अंतिम संस्कार होगा। भोपाल के खजूरी सडक़ थाना […]

You May Like