सीहोर। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य प्रारंभ हो गया है.पहले दिन दोनों केंद्रों पर 15 किसानों से 570 क्विंटल गेहूं खरीदा गया.
जिले के 240 उपार्जन केंद्रों पर गेहूं खरीदी के लिए अब तक 10,300 किसानों द्वारा स्लॉट बुक किए जा चुके हैं. आज दो केंद्रों पर खरीदी प्रारंभ हुई है, जबकि शेष 238 उपार्जन केंद्रों पर भी 10 अप्रैल से खरीदी शुरू हो जाएगी.
एसडीएम ने बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश
उधर, आष्टा में रबी विपणन वर्ष के तहत गेहूं उपार्जन को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एसडीएम नितिन कुमार टाले द्वारा सहकारी समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में तहसीलदार राम पगारे एवं खाद्य आपूर्ति अधिकारी मृगी अग्रवाल मौजूद थे . बैठक में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक में उपार्जन केंद्रों पर पेयजल, टेंट एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही तोल कांटे एवं ग्रेडिंग मशीन की सुचारू कार्यप्रणाली पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया. आकस्मिक वर्षा की स्थिति में ट्रालियों में भरा गेहूं गीला न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं तथा गेहूं की तुलाई गोदाम के अंदर ही कराई जाए. इसके अलावा बारदान की किसी भी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि गेहूं की गुणवत्ता एफएक्यू के अनुसार ही तुलाई की जाए, ताकि किसानों को उचित मूल्य प्राप्त हो सके. प्रशासन द्वारा दिए गए इन दिशा-निर्देशों से उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपनी उपज का विक्रय कर सकेंगे.
बुधनी में 850 किसानों का पंजीयन, आज से होगी खरीदी
बुधनी सेवा सहकारी समिति के अंतर्गत इस वर्ष लगभग 850 किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन कराया है. किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा जोशीपुर, पीलीकरार, पांडाडोह और माथनी में चार खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं. खरीदी प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि सभी केंद्रों पर पेयजल, छाया और शौचालय जैसी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन द्वारा भी केंद्रों पर पानी और छाया जैसी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.
