
भिंड। भिंड में आज भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान एक तेज रफ़्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। जिसकी वजह से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य चार लोगों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। इधर, हादसे में सीएम मोहन ने दुःख जताते हुए पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि देने का एलान किया। इसके साथ ही गंभीर घायलों को एक-एक लाख और सामान्य रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
भिंड के देहात थाना क्षेत्र के जवाहरपुरा में हुआ हादसा
यह भीषण सड़क घटना भिंड के देहात थाना क्षेत्र के जवाहरपुरा की है, जहां भिंड कलेक्ट्रेट में पदस्थ कर्मचारी गिरीश नारायण अपने परिवार के साथ बहन के घर शादी समारोह में भात पहनाने आए थे। गिरीश ने बताया कि भात का कार्यक्रम कर कुछ लोग घर वापस जा रहे थे जिसके लिए उन्हें सड़क पर लोडिंग वाहन रुकवा कर उसमे बैठाया जा रहा था। पीछे ही बाइक पर परिवार के तीन सदस्य भी खड़े थे। इसी बीच कहीं से एक तेज रफ़्तार डंपर वहां आया और गाड़ी को टक्कर मार दिया। बाइक भी डंपर में फंस गई और घिसटती गई। तीन लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया, तो वही अस्पताल में 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने खुद 6 लोगों के मौत की पुष्टि की है।
डॉ मोहन यादव ने जताया दुख
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- भिंड जिले अंतर्गत जवाहरपुरा गांव के नजदीक नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद है। मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनके समुचित उपचार की व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन को निर्देशित किया जा चुका है।
4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि की जारी
सीएम ने आगे लिखा- सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को 1-1 लाख एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।
पुलिस ने की मृतकों की पहचान
इधर, पुलिस ने हादसे में मरने वालों की पहचान अरुण पिता कौशल जाटव, गुड्डी पति कौशल जाटव, प्रद्युम्न पिता काशीराम जाटव, हेमलता पति प्रद्युम्न जाटव, राजकुमारी पिता महिपाल जाटव के रूप में की है। वहीं हादसे में 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद से शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
