इंदौर:शहर में साइबर ठगों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने करीब 98 हजार रुपये की चपत लगा दी. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पुलिस के मुताबिक, रफेली कॉलोनी के निवासी कमलेश पिता कृपाशंकर पाण्डेय ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है.
फरियादी ने बताया कि उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया. झांसे में लेने के बाद आरोपी ने कमलेश के मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा. जैसे ही फरियादी ने उस लिंक पर क्लिक कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई, उनके खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे।जालसाजों ने तकनीक का सहारा लेकर फरियादी के खाते में सेंध लगाई और कुल 98,553 रुपये पार कर दिए. मोबाइल पर बड़ी राशि कटने का मैसेज देखकर कमलेश के होश उड़ गए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक को सूचित किया और भंवरकुआं थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण पंजीबद्ध किया है. पुलिस अब साइबर सेल की मदद से उस मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री को खंगाल रही है, जिसके जरिए पैसे ट्रांसफर किए हैं
