बाजार अव्यवस्था बनी चुनौती: यातायात और बैठक व्यवस्था बेपटरी

ब्यावरा। काफी प्रयासों के बावजूद भी नगर की यातायात एवं बाजार बैठक व्यवस्था सुधर नहीं सकी है. बाजार में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आगामी त्यौहार के समय हालात कहीं अधिक परेशानी भरे होंगे.

गौरतलब है कि नगर की यातायात एवं बाजार बैठक व्यवस्था काफी बिगड़ी हुई है जिसके कारण राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. मैन मार्केट, सुठालिया रोड सहित पुराना ए.बी.रोड, पीपल चौराहा, राजगढ़ रोड, पुराना बस स्टेण्ड आदि मुख्य व्यवसायिक स्थानों पर अव्यवस्थाएं हावी है.

त्यौहारों पर रहती भारी भीड़

आगामी करवांचौथ त्यौहार के चलते बड़ी संख्या में मातृशक्ति बाजार में विभिन्न सामग्रियों की खरीददारी के लिए जाएंगी. ऐसे में बाजार में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ेगा. इसी प्रकार आगामी धनतेरस, दीपावली त्यौहार पर भी काफी भीड़ बाजार में होगी. ऐसे समय बाजार की अव्यवस्थाओं से कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है.

कोई देखने, सुनने वाला नहीं

जिस तरह एक लम्बे समय से बाजार में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है उसको देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है मानों कोई देखने और सुनने वाला नहीं, आमजन की समस्या के प्रति किसी को कोई चिंता नहीं है.

दुपहिया वाहन भी निकलना मुश्किल

मैन मार्केट में हालात यह है कि हाथ ठेले, वाहन बेतरबीत खड़े रहने, दुकानों के आगे काफी आगे तक सामान रखा होने से आने-जाने के लिए रास्ता तक नहीं बचता है. पैदल राहगीर एवं दुपहिया वाहन भी बमुश्किल निकल पाते है.

अव्यवस्थाओं से घिरा चौराहा

नगर का मुख्य पीपल चौराहा भी लम्बे समय से अव्यवस्थाओं से घिरा हुआ है. समय-समय पर चौराहा के आसपास से अतिक्रमण हटाकर इसका सौंदर्यीकरण करने की कार्ययोजना बनी किंतु आज भी चौराहा पूरी तरह अव्यवस्थाओं से घिरा हुआ है. चौराहा को देखकर ही नगर में अन्य जगह किस तरह की व्यवस्था होगी इसका अंदाजा लग जाता है.

पार्किंग की नहीं व्यवस्था

यातायात की दृष्टि से अति व्यस्त नगर में वाहन पार्किंग के लिए कोई स्थान निर्धारित नहीं किया गया है, जिसके चलते वाहन चालकों को मजबूरी में चौराहा एवं सडक़ के साइड में वाहनों को खड़ा करना पड़ता है. जगह-जगह वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने के पीछे एक मुख्य कारण यह भी है.

त्यौहार के समय मैन मार्केट, पीपल चौराहा सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था सचारु बनाए रखने विशेष प्रबंध रहेंगे. पीपल चौराहा, मातृछाया के यहां पुलिस पाईंट रहेंगे. यातायात व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद और सुगम रहे तथा आवागमन में किसी को कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा.

देवनारायण पांडे
प्रभारी यातायात थाना ब्यावरा

Next Post

एमआर-12 सड़क के नए अलॉयमेंट की मंजूरी कब होगी ?

Wed Oct 8 , 2025
इंदौर: मास्टर प्लान की महत्वपूर्ण सड़क को लेकर शासन की उदासीनता से एमआर 12 सड़क का काम अटका पड़ा है. पिछले नौ महीने में सड़क का अलॉयमेंट बदलने की मंजूरी नहीं दी गई है. उक्त सड़क में रेलवे ओवर ब्रिज के पास 90 डिग्री और एक सेंशन कॉलोनी की जामिंका […]

You May Like