भोपाल। मंगलवार को राजधानी में पंजाबी परिवारों द्वारा लोहड़ी का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक रंग बिखर गए और पंजाबी लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान अग्नि प्रज्वलन कर लोहड़ी की रस्म अदा की गई। लोगों ने आग के चारों ओर परिक्रमा कर तिल, मूंगफली, रेवड़ी और गजक अर्पित की तथा सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक पंजाबी गीत गाए, वहीं ढोल की थाप पर युवाओं ने भांगड़ा और गिद्दा कर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
आयोजकों ने बताया कि लोहड़ी पर्व नई फसल और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। इसे मिल-जुलकर मनाने से आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता को बल मिलता है।
