
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शाम राजधानी के बोट क्लब में ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खेलों के इस महत्त्वाकांक्षी आयोजन का लोगो, थीम सॉन्ग, आधिकारिक जर्सी और शुभंकर का अनावरण कर प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ मध्यप्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का मजबूत मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना को विकसित करने का सशक्त जरिया हैं। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन खेलों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों से उभरती खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किए गए थीम सॉन्ग ने युवाओं में जोश और उत्साह का संचार किया, वहीं आकर्षक शुभंकर और जर्सी ने आयोजन को नई पहचान दी।
