भोपाल। फिल्म अभिनेता राजीव वर्मा कॉमेडी के नाम पर समाज में फैलाई जा रही फुहड़ता का विरोध कर रहे हैं. सोमवार को संस्कार भारती भोपाल के अध्यक्ष राजीव वर्मा ने आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जताई. वर्मा ने कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडी के नाम आजकल कुछ लोग निचले स्तर तक की बात कर रहे हैं. जिसका सबसे बुरा असर मासूम बच्चों पर पड़ता है. इसके लिए समाज के लोगों से विरोध करने की उन्होंने अपील की है. अभिनेता ने कहा कि ओटीटी पर प्रसारित होने वाली ज्यादातर वेब सिरीज में अपशब्दों का खूब प्रयोग होता है. इसे रोका जाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि इस पर लगाम लगाने के लिए सबसे बेहतर तरीका है कि इनके व्यूस न बढ़ने दें. लोग ऐसे दृश्यों को देखने से बचे. जिससे कि इस तरह की फुहड़ता को रोका जा सके.
राजीव वर्मा ने पुराने कॉमेडियन स्व. राजू श्रीवास्तव सुरेन्द्र शर्मा का उदाहरण देते बताया कि इन लोगों ने एक सीमा में ही अपनी कॉमेड़ी लोगों तक पहुंचाई. लोगों ने भी उनके संवादों का भरपूर आनंद भी लिया. वर्मा ने कहा कि समाज तक किसी भी तरह की अश्लीलता के आने वाले संचार का विरोध किया जाना चाहिए. वर्मा ने कहा कि संस्कार भारती हास्य कला विद्या की गरिमा मर्यादा और उद्देश्य की रक्षा के लिए अपने मंच पर अब हास्य कलाकारों को भी जगह देगी. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषंगी संगठन संस्कार भारती द्वारा हास्य कला और हास्य रस के विविध आयामो पर कार्य किया जाएगा.
