जबलपुर: जबलपुर रेल मंडल के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांगों पर तीन स्पेशल गाडिय़ों को रेगुलर रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है। इसमें जबलपुर-पुणे, जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस व रीवा-सीएसएमटी (मुंबई) ट्रेन शामिल है। स्पेशल का दर्जा अलग होने के साथ ही इन तीनों ट्रेनों का नंबर भी बदला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जबलपुर-पुणे, जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस व रीवा-सीएसएमटी स्पेशल ट्रेनों को नियमित रूप से चलाने के लिए लगातार मांग की जाती रही है। यात्रियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इन ट्रेनों को रेगुलर किये जाने की मांग विभिन्न मंचों से की जाती रही जिस पर रेलवे बोर्ड ने निर्णय ले लिया है। अब उक्त तीनों ट्रेनों को नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है।
बदला गया है नंबर
रेल मंत्रालय ने निम्नलिखित ट्रेनों को रेगुलर शुरू करने की मंजूरी दे दी है जिनमें गाड़ी संख्या 20154/20153 रीवा-सीएसएमटी एक्सप्रेस (02187/02188 रीवा-सीएसएमटी स्पेशल) 20161/20162 पुणे-जबलपुर एक्सप्रेस (02132/02131जबलपुर – पुणे स्पेशल) और 20163/20164 बांद्रा (ट)-जबलपुर एक्सप्रेस (02133/02134 जबलपुर – बांद्रा ट) शामिल हैं। स्पेशल ट्रेन का दर्जा हटने के बाद अब इन गाडिय़ों पर खास ध्यान दिया जायेगा अभी तक स्पेशल ट्रेन होने से इसकी पंचुअलिटी पर जबर्दस्त असर पड़ता था इसे रोककर नियमित गाडिय़ों को निकाला जाता था जिससे यात्रियों का समय भी बर्बाद होता था साथ ही स्पेशल ट्रेन में लगने वाला किराया भी कम होगा, जिससे यात्रियों को लाभ मिलेगा।
