जबलपुर: सिहोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दराची टोला (बरगवां) में एक 13 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक छात्र कक्षा 8वीं की परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने के कारण मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने यह घातक कदम उठाया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम परायगंज (झुकेही), जिला मैहर का निवासी रूद्र प्रताप सेन (13) करीब 15 दिन पहले सिहोरा में अपने मौसा कौड़ीलाल सेन के घर घूमने आया था। बुधवार को कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था, जिसमें रूद्र प्रताप फेल हो गया था।
रिजल्ट आने के बाद से ही वह गुमसुम और परेशान था। गुरुवार शाम करीब 6 बजे कौड़ीलाल सेन अपनी पत्नी को छोड़ने घाट सिमरिया गए थे। जब वे शाम 7:00 बजे वापस लौटे, तो कमरे का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रूद्र प्रताप कमरे के दरवाजे के ऊपर लगे रोशनदान के सहारे गरम पट्टी का फंदा बनाकर लटका हुआ था।
परिजनों ने आनन-फानन में फंदा काटकर किशोर को नीचे उतारा और रात करीब 8:15 बजे शासकीय अस्पताल सिहोरा लेकर पहुँचे। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात पुलिस ने कौड़ीलाल सेन की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर परीक्षा में असफलता को ही आत्मघाती कदम का कारण माना जा रहा है, फिर भी मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
