नीमच: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के सभी शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और अभिषेक के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।महाशिवरात्रि के दिन शहर के इंदिरा नगर गैस गोदाम क्षेत्र स्थित भगवान नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में तड़के सुबह 4:15 बजे भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के बाद से ही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फल-फूल अर्पित कर भगवान शिव को प्रसन्न करने में जुटे रहे।
मंदिर परिसर में शिव परिवार की विशेष पूजा-अर्चना भी की गई। भक्तों ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।इस अवसर पर कल शाम को भगवान नर्मदेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। साथ ही भगवान महाकाल की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन भी हुआ, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर पूरा शहर भक्ति और आस्था में डूबा नजर आया। देर रात तक मंदिरों में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का सिलसिला जारी रहेगा।
