ग्वालियर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में घाटीगाँव में प्रस्तावित लाड़ली बहना सम्मेलन एवं विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों की अंतरविभागीय समन्वय बैठक में समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दें।आयोजन स्थल पर लाड़ली बहनाओं सहित सभी प्रतिभागियों के बैठने के लिये बेहतर से बेहतर व्यवस्था करें। साथ ही पेयजल की भी पुख्ता व्यवस्था की जाए।
जिन कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण होना है, उनकी सूची जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिए गए।कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में सीएम हैल्पलाइन, समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन की तैयारी, निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल व अन्य स्कूल भवन, जनगणना की तैयारी, संकल्प से समाधान, सहकारी बैंकों की वसूली व पुस्तक मेला सहित शासन की प्राथमिकता वाले अन्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।बैठक में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व अपर जिला दण्डाधिकारी सी बी प्रसाद सहित जिले के सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
