तेंदुए ने झोपड़ी में घुसकर 6 बकरियों का किया शिकार

सतना। मैहर में जंगली जानवरों की आबादी के आसपास बढ़ती आवाजाही अब ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनने लगी है। मां शारदा मंदिर के आसपास के पहाड़ी इलाकों में पिछले कई महीनों से घूम रहे तेंदुए ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात सहिलरा नई बस्ती में हमला कर दिया। तेंदुआ गांव के पास बनी एक झोपड़ी में घुसा और वहां बंधी करीब पांच बकरियों तथा एक बकरी के बच्चे को मार डाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैहर के देवी जी चौकी क्षेत्र अंतर्गत सहिलरा नई बस्ती के निवासी कमलेश कोल ने अपने घर के पास बनी झोपड़ी में बकरियां बांध रखी थीं। बुधवार रात परिवार के लोग सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब ढाई बजे तेंदुआ झोपड़ी में घुस आया और बकरियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बकरियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेंदुए ने एक के बाद एक पांच बकरियों और एक बकरी के बच्चे को मार डाला। हमले के बाद तेंदुआ वहां से निकल गया।
गुरुवार सुबह जब कमलेश कोल और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो वे झोपड़ी के पास पहुंचे। वहां बकरियों के शव देखकर लोग हैरान रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास लंबे समय से तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही हैं, लेकिन अब उसका आबादी के इतने करीब पहुंचकर हमला करना चिंता का विषय है।

बढ़ रही तेंदुए की आवाजाही

मां शारदा मंदिर के आसपास स्थित पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, जंगल और पहाड़ी इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी पहले भी सामने आती रही है। अब सहिलरा नई बस्ती में झोपड़ी के अंदर घुसकर बकरियों का शिकार किए जाने से लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों को डर है कि यदि तेंदुआ इसी तरह आबादी के आसपास घूमता रहा तो भविष्य में किसी व्यक्ति या अन्य पालतू पशु पर भी हमला हो सकता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

Next Post

मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड के 5 नए ETF NSE पर लिस्ट, प्राइवेट-PSU बैंक, रियल्टी व G-Sec का विकल्प

Fri Nov 27 , 2026
नई दिल्ली,  मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड ने 26 नवंबर 2026 से नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 5 नए एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) सूचीबद्ध किए हैं, जिनमें निफ्टी प्राइवेट बैंक ETF, निफ्टी PSU बैंक ETF, निफ्टी REITs & रियल्टी ETF, निफ्टी500 ग्रोथ 50 ETF और निफ्टी 10 ईयर बेंचमार्क G-Sec ETF […]

You May Like